बहराइच (ब्यूरो)। बहन को दोस्त के साथ आपत्तिजनक हालत में देख दो मौसेरे भाइयों ने आपा खो दिया। हथौड़ी से दोस्त के सिर पर वार कर तत्काल उसे मौत के घाट उतार दिया।
फिर, उसके शव को चादर में लपेटकर घर से कुछ दूर गली में फेंक दिया। डॉग स्क्वॉयड की मदद से रात में ही आरोपी भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ऑनर किलिंग की ये वारदात मंगलवार रात शहर के मोहल्ला नाजिरपुरा बागवानी में हुई।
मोहल्ले के निवासी सोनू बाल्मीकि (18) पुत्र सिद्दीक और तुफैल पुत्र फरीद पड़ोसी हैं। कुछ दिनों पहले सोनू के मां-पिता की मौत हो गई। सोनू और उसका छोटा भाई सनी (16) अपने दादा के साथ रहते थे।
मां व बहन के न होेने के कारण तुफैल के घर की महिलाएं सोनू के घर पर खाना भी बना देती थीं। इसी बीच सोनू और तुफैल की बहन के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।
बुधवार रात तुफैल की बहन सोनू के घर खाना बनाने गई। इसी दौरान तुफैल और उसका मौसेरा भाई मुदस्सिर भी सोनू के घर पहुंच गए। सभी सदस्यों ने साथ में खाना खाया, फिर सोनू का भाई और बाबा अपने-अपने कमरे में चले गए।
सोनू रसोई में मौजूद तुफैल की बहन के पास पहुंच गया। कुछ देर में तुफैल वहां पहुंचा तो दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखकर भड़क उठा।
कहासुनी के बीच तुफैल और मुदस्सिर ने मिलकर हथौड़ी से सोनू के सिर पर दो वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इससे पहले कि अन्य लोगों को भनक लगती दोनों भाइयों ने तत्काल शव को चादर में लपेटकर घर से कुछ दूरी पर सुनसान गली में फेंक दिया।
रात 11 बजे के आसपास मोहल्ले के लोगों ने शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसपी सालिकराम वर्मा, सीओ सिटी एपी सिंह, कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह टीम के साथ पहुंचे। डॉग स्क्वॉयड भी बुलाया गया।
मोहल्ले के लोगों ने शव की पहचान सोनू के रूप में की। सीओ सिटी का कहना है कि जब सोनू के घर पहुंचकर उसके शव के बारे में बाबा से बात की तो वे भौचक रह गए।
बोले, अभी तो सब यहीं खाना खा रहे थे, फिर अचानक ये कैसे हुआ, उन्हें पता नहीं। उनका कहना है कि खाना खाने के बाद वो और सनी घर के दूसरे हिस्से में चले गए थे, जिस कारण वारदात की थोड़ी भी भनक नहीं लगी।
सीओ सिटी ने बताया कि शव मिलने के स्थान पर से डॉग स्क्वॉयड सूंघता हुए तुफैल के घर पहुंच गया। इस पर रात में ही दोनों आरोपियों तुफैल और मुदस्सिर को गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों भाइयों ने सोनू को बहन के साथ आपत्तिजनक हालात में देखने के बाद उसकी हत्या करने की बात स्वीकारी है।