जिले में शनिवार रात आई तेज आंधी के चलते पेड़ व दीवार गिरने से एक बालिका समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इन हादसों में सात लोग घायल हुए हैं। पेड़ गिरने से लखनऊ-बहराइच, गोंडा-बहराइच, नानपारा व बलरामपुर मार्ग पर रात 11 बजे से एक बजे तक आवागमन प्रभावित रहा।
दरगाह के मेला परिसर में पेड़ गिरने से सुल्तानपुर की महिला जायरीन की मौत हो गई और उसके बेटे समेत सात लोग घायल हुए हैं। आंधी के दौरान दीवार गिरने से कोतवाली देहात व रामगांव क्षेत्र में बालिका और वृद्ध की जान चली गई। बरसात के चलते तराई का तापमान भी लुढ़क गया। गर्मी और उमस से परेशान लोगों को काफी राहत मिली।
जिले के लोग गर्मी और उमस से बेहाल थे। शनिवार रात 10 बजे के करीब तराई का मौसम अचानक बदल गया। आसमान में बादल छाने के साथ बिजली चमकने लगी। आधे घंटे बाद आंधी चलने लगी। आधे घंटे तक आंधी चलने के बाद बारिश शुरू हो गई।
आंधी के चलते सैयद सालार मसऊद गाजी की दरगाह में चल रहे जेठ मेले में अफरातफरी मच गई। इसी दौरान जोहराबाग में सागौन का पेड़ सुल्तानपुर के जायरीन के डेरे पर गिर गया। चपेट में आकर सुल्तानपुर के मल्हीपुर चांदा निवासी चंद्रा (40) पत्नी अशर्फीलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
उसके पांच वर्षीय बेटे नंदलाल को गंभीर चोटे आई हैं। उसी दौरान संतकबीरनगर के एक डेरे पर भी पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। चपेट में आकर संतकबीरनगर के बखिरा बेलवा ठकुराइन गांव निवासी हरीराम (60), खलीलाबाद बड़ेला निवासी भगवानदीन का आठ वर्षीय पुत्र राज व 12 वर्षीय बेटी सुनीता जख्मी हो गई।
आंधी के दौरान कोतवाली देहात क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में शाहिद अली के मकान की दीवार ढह गई। मलबे में दबकर उसकी पुत्री शीबा (8) की मौत हो गई। वहीं रामगांव क्षेत्र के ठगिहा भकला गोपालपुर गांव में मोहब्बत अली के मकान की दीवार ढह गई। दीवार के निकट चारपाई पर सो रहे मोहब्बत अली (59) पुत्र वारिस की मलबे में दबकर मौत हो गई।
उधर बहादुरचक गांव में फूस के छप्पर पर नीम का पेड़ गिरने से गीता देवी (45), बेटी सावित्री देवी (25) व अनीता (22) घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आंधी औैर पानी के चलते पूरी रात जिले में अफरातफरी की स्थिति रही।
पेड़ गिरने के चलते लखनऊ-बहराइच, गोंडा-बहराइच, नानपारा और बलरामपुर मार्ग पर रात 11 बजे से एक बजे के बीच आवागमन प्रभावित रहा। जगह-जगह पेड़ की डाल गिरने से वाहन चालकों को असुविधा हुई।