पासपोर्ट व वीजा दिलाने के नाम पर लाखों की जालसाजी का शिकार हुए दो व्यक्तियों को मदद के बहाने तीन सिपाहियों ने ठग लिया। इसकी शिकायत शुक्रवार को पीड़ित ने एसपी से पत्र के माध्यम से की है।
सोनवा क्षेत्र में ग्राम दिकौली निवासी पिंटू पुत्र रियासत अली व बहराइच में रिसिया क्षेत्र के ग्राम हुसैन पुरवा बहबुलिया महादा निवासी मोहम्मद लतीफ पुत्र करीम उल्ला ने एसपी को दिए पत्र में आरोप लगाया गया है कि सऊदी अरब भेजने के नाम पर गोरखपुर में कूड़ाघाट निवासी योगेश सिंह उर्फ अजय ने उनसे 18.90 लाख रुपये लिए थे।
लखनऊ के मोहनलालगंज में रह रहे योगेश ने वीजा व पासपोर्ट बनवाने की बात कही थी। उसने दोनों को फर्जी पासपोर्ट व वीजा दे दिया। इसका खुलासा उसके सत्यापन में हुआ। इसके बाद से पीड़ित अपने पैसे वापस मांग रहे हैं। आरोप है कि योगेश न पैसे वापस कर रहा और न ही असली पासपोर्ट व वीजा उपलब्ध करा रहा।
इसकी शिकायत दोनों पीड़ितों ने सोनावा थाने के पुलिसकर्मियों से की। आरोप है कि तीन आरक्षियों ने उनसे एक शिकायती पत्र लिया और साथ लखनऊ ले गए। चारबाग रेलवे स्टेशन पर आरोपी को बुलाया गया। आरोपी योगेश को उसके वाहन के साथ पकड़ कर तीनों सिपाही सोनवा थाने ले गए लेकिन बाद में छोड़ दिया।
इस कार्य के लिए तीनों सिपाहियों पर पीड़ितों से 40 हजार रुपये वसूलने का आरोप है। तीनों सिपाही पैसा आरोपी से वापस दिलाने के नाम पर उसका चालीस प्रतिशत हिस्सा मांग रहे है। दोनों पीड़ितों ने एसपी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। अपर पुलिस अधीक्षक विजय पाल सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही मिलने पर तीनों आरक्षियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।