पिता के साथ ठेलिया पर सीमेंट लादकर लौट रहे किशोर को शनिवार को तेज रफ्तार बस ने रौंद दिया। किशोर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे नाराज ग्रामीणों ने सोनवा थाने के सामने फोर लेन पर किशोर का शव रख प्रदर्शन किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
सोनवा क्षेत्र में ग्राम ककंधू निवासी मनीष कुमार (15) शनिवार को पिता गंगाराम के साथ सीमेंट खरीदने खुरहुरी चौराहा गया था। ठेलिया पर सीमेंट लाद कर लौटते समय बहराइच से भिनगा जा रही प्राइवेट बस (जेएच12बी-7389) ने पीछे से ठोकर मार दी। इस हादसे में ठेलिया पर बैठा गंगाराम किनारे जा गिरा।
मनीष मुख्य मार्ग पर ही गिर गया। बस उसे रौंदती हुई आगे निकल गई। इस हादसे में मनीष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के लोग जमा हो गए। ग्रामीणों ने किशोर के शव को सोनवा थाने के सामने रख प्रदर्शन किया। इसके चलते फोर लेन पर करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
मौके पर पहुंची सोनवा पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाया। गंगाराम की तहरीर पर सोनवा पुलिस ने मामला दर्ज किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा। प्रभारी निरीक्षक राम यतन वरुण के मुताबिक बस को लक्ष्मननगर चौकी पुलिस ने रोककर कब्जे में ले लिया है।