शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने मंगलवार को भरथा बेलभरिया में एक दुकानदार की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब बीच बचाव किया तो आक्रोशित पक्ष ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें एक सिपाही सहित तीन लोगों को चोट आई। वहीं मौका पाकर भीड़ में किसी ने फायर कर दिया इससे गोली किशोरी को लग गई।
उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घटना के दौरान कुछ लोगों ने एक दुकान भी लूट ली। मौके पर पुलिस बल तैनात है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। इस दौरान पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भरथा बेलभरिया निवासी कोटेदार फारूख अहमद का बड़ा पुत्र दर्बेश अहमद गांव के मोड़ पर परचून की दुकान करता है। मंगलवार शाम गांव का ही लल्ला शराब पीकर दुकान आया था। किसी बात को लेकर दर्बेश व लल्ला में मारपीट हो गई। बीच बचाव करने पहुंचे फारूख व उसके पुत्र अनीश अहमद ने लल्ला को पीटर कर दुकान से भगा दिया।
इससे आक्रोशित लल्ला अपने अन्य साथियों संग दुकान पर पहुंचार और लूटपाट कर दर्बेश व अनीश की पिटाई करने लगा। फारूख ने घटना की जानकारी कोतवाली भिनगा के उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह व आरक्षी केपी सिंह को दी। उन्होंने मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों से तीन लोगों को गिरफ्तार किया और थाने ले आए।
इसी के बाद दोनों पक्षों में फिर विवाद शुरू हो गया। इसकी सूचना पर उपनिरीक्षक व आरक्षी केपी सिंह दोबारा मौके पर पहुंचे। इन लोगों को देखकर लोगों ने पथराव शुरू कर आरक्षी केपी सिंह की लाठी से पीट दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में जम कर पथराव भी हुआ। इसी बीच एक व्यक्ति ने एक राउंड फायर भी झोंक दिया।
गोली गांव के ही इसरातून निशां (12) पुत्री बुद्धि के दाएं हाथ में लग गई। उसे तुरंत जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती कराया गया। वहीं मारपीट के दौरान दर्वेश, अनीस व लल्ला को भी चोट आई। घटना स्थल पर मौजूद उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह द्वारा घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दिया।
दल-बल के साथ पहुंची कोतवाली पुलिस ने इस दौरान छह लोगों को लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की सूचना के बाद अपर पुलिस अधीक्षक विजय पाल सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी भिनगा वीर सिंह व प्रभारी निरीक्षक रामयतन वरुण ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक बताते हैं कि किसी व्यक्ति ने फायर करने की सूचना फोन पर दी थी। पुलिस मौके पर तैनात है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर आई है। मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।