बहराइच (ब्यूरो)। मिहींपुरवा के खंड शिक्षा अधिकारी पर 27 अप्रैल को प्रधानाध्यापक और उनके सहयोगियों ने हमला कर मारापीटा था। अपशब्दों का भी प्रयोग किया था। इस मामले में बीएसए ने जांच करवाने के बाद प्रधानाध्यापक पर लगे आरोपों को सही पाते हुए उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
आरोपी प्रधानाध्यापक को बलहा के सिलेटनगंज प्राथमिक विद्यालय से संबद्ध किया गया है। साथ ही, पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है जो 30 दिन में बीएसए को रिपोर्ट सौंपेगी।
मालूम हो कि मिहींपुरवा के खंड शिक्षा अधिकारी शोभनाथ यादव 27 अप्रैल को मटेही कला क्षेत्र में विद्यालयों का निरीक्षण करने गए थे। इसी दौरान प्रधानाध्यापक विनोद कुमार, उनके सहयोगी गोपाल व अन्य लोगों ने खंड शिक्षा अधिकारी को रोककर हमला कर दिया था।
मौके पर मौजूद संकुल प्रभारी आरती कौशिक व कुछ अन्य लोगों से अभद्रता की थी। इस मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अमरकांत सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी पयागपुर वीरेंद्र नाथ द्विवेदी तथा खंड शिक्षा अधिकारी फखरपुर बृजलाल वर्मा को जांच सौंपी थी।
बीएसए ने बताया कि दोनों अधिकारियों की जांच में आरोपी प्रधानाध्यापक विनोद द्वारा हमले की पुष्टि हुई है। लगाए गए अन्य आरोप भी सही पाए गए हैं, जिसके चलते आरोपी विनोद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
तीन सदस्यीय जांच कमेटी में खंड शिक्षा अधिकारी तेजवापुर अनिल कुमार, कैसरगंज आरपी सिंह और शिवपुर शमशेर को शामिल किया गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभागीय कार्रवाई शुरू होगी।