जगदीशपुर (अमेठी)। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कस्बे में बृहस्पतिवार की सुबह एक कार को तेज रफ्तार ट्रक ने साइड मार दिया। दुर्घटना में कार सवार रिटायर्ड जज की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
लखनऊ के अलीगंज के एमआईजी ए-3 सेक्टर-सी निवासी रिटायर्ड जज शैलेंद्र सक्सेना की पत्नी नलिनी सक्सेना (55) बृहस्पतिवार की सुबह कार से वाराणसी जाने के लिए निकली थीं। रास्ते में जगदीशपुर कस्बे में एक ट्रक ने कार को साइड मार दिया, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना में कार में बैठी नलिनी सक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने नलिनी को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में ले लिया है।