जरवलरोड/जरवल। एक महिला को बहन के पक्ष में मतदान कराने के लिए ले जा रहे युवक की बाइक को धनराजपुर मोड़ पर ट्रक ने टक्कर मार दी।
बाइक पर बैठी महिला के गोद में उसका बेटा था, जो सड़क पर जा गिरा और ट्रक उसे रौंदता हुआ निकल गया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी मां और प्रत्याशी का भाई सीएचसी में भर्ती हैं।
जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत धनराजपुर गांव निवासी किरन, वार्ड नंबर 109 से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ रही हैं। गांव का मतदान केंद्र धनराजपुर गुलहरिया स्थित प्राथमिक विद्यालय को बनाया गया था।
किरन का भाई पुत्तू (26) पुत्र बादू उर्फ रामसेवक, मतदाताओं को गांव से लाकर वोट डलवा रहा था। सुबह 11 बजे के आसपास पुत्तू गांव निवासी सुमन (25) पत्नी रामरूप को मतदान केंद्र ले जाने के लिए घर पहुंचा। सुमन अपने पांच साल के बेटे चाहत को लेकर बाइक पर बैठी।
पुत्तू की बाइक जब धनराजपुर मोड़ के पास पहुंची तभी बहराइच की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुमन की गोद से उसका बेटा छिटककर बीच सड़क पर जा गिरा और ट्रक ने उसे रौंद दिया। मौके पर ही चाहत ने दम तोड़ दिया।
आसपास के लोगों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जरवलरोड पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को घाघराघाट पर पकड़ लिया। हालांकि, चालक भाग निकला। गौरतलब हो कि दुर्घटना में दम तोड़ने वाला बालक अपने माता-पिता का इकलौती संतान था।