नेपाल से लाई चरस की खेप को बस से एक तस्कर हरिद्वार ले जाने की फिराक में था। भनक लगने पर एसएसबी की टीम ने घेराबंदी कर तस्कर को दबोच लिया। उसके पास से साढ़े तीन किलो से अधिक चरस बरामद हुई है। चरस को सीज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
एसएसबी के सहायक सेनानायक अजय यादव ने बताया कि बुधवार दोपहर चरस की खेप नेपाल से लाये जाने की सूचना मिली थी। इस पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो लखनऊ की टीम भी रुपईडीहा पहुंच गई। रोडवेज बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान बस अड्डे पर एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में दिखा।
घेराबंदी कर उसकी तलाशी ली गई तो विशेष प्रकार के जैकेट में छिपाकर रखी गई तीन किलो 550 ग्राम चरस बरामद हुई। चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग साढ़े तीन लाख रुपये है। सहायक सेनानायक ने बताया कि आरोपी की पहचान कमल प्रसाद शर्मा निवासी जाजर कोट नेपाल के रूप में हुई है। वह चरस की खेप उत्तराखंड के चमोली व हरिद्वार ले जा रहा था।