भारतीय सीमा क्षेत्र पर तस्करी बढ़ी है। इस समय भारतीय बाजारों से कपड़े, गैस सिलेंडर व इलेक्ट्रॉनिक सामान बड़े पैमाने पर नेपाल में पहुंच रहे हैं। सोमवार दोपहर में लगभग आधा दर्जन की संख्या में तस्कर साइकिल पर भारतीय कपड़ों के थान, गैस सिलेंडर व हीटर तथा अन्य सामान लादकर नेपाल जा रहे थे।
नेपाल के बर्दिया जिले की सीमावर्ती कठौतिया पुलिस चौकी के एसएसआई वीरेंद्र सिंह को तस्करी की सूचना मिली। उन्होंने घेराबंदी कर तस्करों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तस्कर जंगल का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए।
मौके से लगभग तीन लाख मूल्य के भारतीय कपड़े, आधा दर्जन गैस सिलेंडर व काफी संख्या में हीटर तथा अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण को बरामद किया है। एसआई ने बताया कि बरामद सामान को सीज कर दिया गया है। गौरतलब हो कि बिछिया बाजार से इस समय काफी संख्या में तस्कर भारतीय वस्तुओं की तस्करी को अंजाम दे रहे हैं।