दादा-दादी ने पहले मां की डंडों से पिटाई की, इसके बाद मिट्टी का तेल डालकर जिंदा फूंक दिया...। यह शब्द उस मासूम बच्चे के हैं, जिसने अपनी मां को जिंदा आग की लपटोें से जलते हुए देखा है। महिला जिला अस्पताल में जिंदगी व मौत से जूझ रही है।
उसके बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। झुलसी मां की तीमारदारी कर रही नौ वर्षीय बच्ची चीख-चीख कर दादा-दादी, चाचा-चाची पर मां को जिंदा फूंकने का आरोप लगा रही है। ये मामला फखरपुर का है।
रायबरेली के लालगंज निवासी रेनू (40) का विवाह 13 वर्ष पूर्व फखरपुर थाना अंतर्गत फखरपुर निवासी मुन्नालाल के साथ हुआ था। करीब पांच वर्ष पूर्व मुन्नालाल चोरी के आरोप में जेल चला गया। तब से वह जेल में निरुद्ध है। रेनू मेहनत-मजदूरी कर अपने तीन बच्चों का भरण पोषण करती है।
शनिवार की सुबह ससुर चनकिरन, सास रुपमती से रेनू का विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि चनकिरन ने बेटों श्रीनाथ, बूटा व बहू आरती एवं अन्य के साथ मिलकर रेनू की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इसके बाद उस पर केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया। यह वाकया रेनू का बेटा अमन (5) अपनी आंखों से देख रहा था। रेनू को फूंकने के बाद ससुरालीजन मौके से भाग गए।
इस बीच लपटों से घिरी रेनू बचाव के लिए घर से बाहर भागी। अमन ने भी शोर मचाया। लेकिन जब तक लोग दौड़े, रेनू गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। बड़ी बेटी रिया (9) ने मां रेनू को जिला अस्पताल पहुंचाया है। डॉक्टरों के मुताबिक रेनू सौ फीसदी झुलसी है। उसकी हालत बेहद नाजुक है। रिया ने दादा-दादी, चाचा-चाची पर मां को जिंदा जलाने का आरोप लगाया है।
सहम गए हैं तीनों बच्चे
मां को जिंदा जलता देख उसके तीनों बच्चेे सहम गए हैं। रोते हुए रिया ने बताया कि भाई अमन व छोटी बहन रीशू (7) ने मां को आग से जलते हुए देखा है। वह कुछ सामान लेने दुकान गई थी। जब लौटी तो मां जमीन पर पड़ी थी। वह दर्द से कराह रही थी।
केस दर्ज कर होगी कार्रवाई
बहराइच। महिला के झुलसने की सुचना पाकर फखरपुर थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक पप्पू यादव ने जिला अस्पताल पहुंचक कर झुलसी रेनू और मां की तीमारदारी में मौजूद मासूम बेटी रिया से पूछतांछ की। इस दौरान मासूम रिया ने कहा कि साहब दादा-दादी, चाचा-चाची ने मां को पीटा फिर केरोसिन छिड़ककर जिंदा जला दिया। इस मामले में मासूम के बयान के बाद पुलिस ने तफ्तीश तेज कर दी है। उपनिरीक्षक ने बताया कि मायके के लोगों के आने का भी इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।