बहराइच रोडवेज के पास इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप में आग लगने पर बाहर फेंका गया अधजला सामान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बहराइच (ब्यूरो)। शहर के नाजिरपुरा मोहल्ला स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप में शुक्रवार दोपहर शार्ट सर्किट से आग लग गई। दमकल ने काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया। हादसे में भारी मात्रा में एलईडी समेत 15 लाख का इलेक्ट्रिक सामान राख हुआ है।
शहर के नाजिरपुरा मोहल्ला निवासी पप्पू की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान रोडवेज बस स्टैंड के पास है। शुक्रवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से दुकान के पिछले हिस्से में आग लग गई। काफी देर बाद दुकान मालिक और कर्मचारियों को आग लगने की जानकारी हुई।
आनन फानन में पप्पू व कर्मचारियों ने कुछ सामान निकालकर बाहर फेंका लेकिन पिछले हिस्से में गोदाम में रखे एलईडी व इलेक्ट्रिक के कीमती सामान नहीं निकाले जा सके। मौके पर पहुंचे दमकल ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
इस दौरान आसपास के दुकानदार भी दहशत में रहे। दुकान मालिक पप्पू ने बताया कि आग में एलईडी समेत करीब 15 लाख का नुकसान हुआ है।