बहराइच/मिहींपुरवा। दो दिन पहले मिहींपुरवा बाजार में व्यवसायी को लूटने वाले छह बदमाशों को मोतीपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह बदमाश बहराइच, नेपाल और सीतापुर के रहने वाले हैं।
इनके कब्जे से भारी मात्रा में चरस, कट्टा व कारतूस बरामद हुए हैं। सभी के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन सभागार में वारदात का खुलासा करते हुए एसपी नेहा पांडेय ने बताया मिहींपुरवा बाजार निवासी अनिल कुमार गुप्ता का पुत्र 18 अगस्त की रात दुकान बंद कर घर लौट रहा था तभी बदमाशों ने उससे दस हजार रुपये लूट लिए थे। विरोध करने पर फायरिंग कर भाग निकले।
मोतीपुर एसओ यासीन खां ने मुखबिर की सूचना पर जालिमनगर चौकी पर गुरुवार रात घेराबंदी की। यहां से सीतापुर के थाना तम्बौर क्षेत्र के संगत टोला निवासी कलीम, तम्बौर के ही इंद्रानगर निवासी सुफियान, तम्बौर के घनश्याम मिश्रा, तम्बौर के गुड़ियन टोला निवासी विवेक तिवारी (मौजूदा समय में मिहुंपुरवा में रह रहा), नेपाल के जिला बरदिया में गुलरिहा के ग्राम मथुरा निवासी संजय शुक्ला और मिहींपुरवा के गुलालपुरवा निवासी संजय वर्मा को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से दो कट्टा, साढ़े चार किलो चरस, तीन बाइक और व्यवसायी से लूटे गए दस हजार रुपये बरामद किए गए।
एएसपी डॉ. अरविंद भूषण पांडेय ने बताया कि अभियुक्तों ने सीतापुर और बहराइच जनपद में कई अपराधों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
मास्टरमाइंड है संजय
मिहींपुरवा निवासी संजय लूट का मास्टर माइंड है। वह बाजार के व्यापारियों की लोकेशन लेकर उनकी सूचना सीतापुर के बदमाशों को देता था। वहां से बदमाश मिहींपुरवा पहुंचकर वारदात को अंजाम देते थे।