नानपारा (बहराइच)। छह साल की मासूम को मंगलवार दोपहर टॉफी देने के बहाने बुलाकर पड़ोसी व्यवसायी ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। बालिका की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े और युवक को दबोच लिया।
बालिका को सीएचसी पहुंचाया गया जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नानपारा नगर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी अनुभव गुप्ता की जनरल स्टोर की दुकान है। इस दुकान पर मंगलवार दोपहर दो बजे के आसपास छह वर्षीय बालिका टॉफी लेने पहुंची।
टॉफी खिलाने के बहाने अनुभव उसे बहला-फुसलाकर कुछ दूरी पर टेलीफोन टावर के परिसर में ले गया और वहां उससे दुष्कर्म किया। बालिका की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो अनुभव भागने लगा।
घेराबंदी कर लोगों ने उसे पकड़ लिया। इतने में बालिका के परिवारीजन भी मौके पर आ गए। मासूम की हालत देख सभी के पांव तले जमीन खिसक गई। बच्ची ने रोते हुए पूरी घटना बताई।
इस पर भड़के परिवारीजन और मोहल्ले के लोग बालिका को लेकर कोतवाली पहुंच गए। हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस ने मामला बिगड़ता देख तत्काल युवक के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बालिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. एबी पांडेय, सीओ भरत यादव भी मौके पर पहुंच गए। एएसपी ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।