नगर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी तीन वर्षीय बालिका रविवार की रात घर के सामने खेल रही थी। इस दौरान वह खेलते-खेलते खेत के पास पहुंच गई। तभी वहां पहुंचा पड़ोसी किशोर टॉफी खिलाने के बहाने उसे लेेकर खेत की ओर चला गया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर रेप किया।
काफी देर तक बालिका को न देखकर परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू की तो वह खेत में बेहोशी की हालत में मिली। आरोपी किशोर को मौके पर ही दबोच लिया गया। उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। वहीं, बालिका को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
रिसिया थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में फेरी व्यवसायी परिवार समेत रहता है। रविवार की रात करीब आठ बजे व्यवसायी की पत्नी घर में थी। उनकी तीन वर्षीय बेटी घर के सामने खेल रही थी। खेलते हुए वह स्ट्रीट लाइट की रोशनी में 50 मीटर दूर स्थित खेत की ओर चली गई।
इसी दौरान वहां पहुंचे मोहल्ले के ही 15 वर्षीय किशोर ने टॉफी खिलाने का लालच दिया। वह बालिका को लेकर खेत में चला गया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर रेप किया। देर रात जब मां ने बालिका को आसपास नहीं देखा तो खोजबीन शुरू की गई। इस दौरान बालिका के पिता भी घर आ चुके थे।
खोजबीन के दौरान खेत में जब लोग पहुंचे तो बालिका बेहोश पड़ी मिली। वहीं पर आरोपी भी छिपा हुआ था। उसे लोगों ने पकड़कर पीटा, फिर पुलिस को सौंप दिया। आनन-फानन में बालिका को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष संजय दूबे ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती किया गया है। चिकित्सीय परीक्षण रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।