हरदी के ऐरिया बाजार में एक घर का ताला काटकर चोरों ने एक लाख रुपये की संपत्ति पार कर ली। वहीं, हुजूरपुर में एक मकान से 20 हजार की चोरी हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने तहरीर लेकर विवेचना शुरू कर दी है।
हरदी थाना क्षेत्र अंतर्गत ऐरिया बाजार निवासी धर्मराज के घर का ताला काटकर चोर शुक्रवार रात घर में घुस आए। कमरे में रखे 75 हजार रुपये के जेवरात, कपड़ा, बर्तन समेत लगभग एक लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह सामान नदारद देख परिवारीजनों के होश उड़ गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की है। थानाध्यक्ष बृजेश यादव का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है।
उधर, हुजूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़ियनपुरवा निवासी राजकुमारी के घर से शुक्रवार रात चोरों ने अनाज, नकदी व कपड़े समेत 20 हजार की संपत्ति पार कर दी। राजकुमारी ने थाने में तहरीर दी है। एसओ संजय सिंह ने बताया कि तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी गई है।