विवाह की रस्में पूरी होने के बाद शनिवार को बाइक से भंगहा बाजार घूमने निकले दूल्हे, उसके भाई व एक अन्य रिश्तेदार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूल्हा व उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के समय बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम फतुहापुर निवासी लक्ष्मन प्रसाद के पुत्र नान्हू का विवाह शुक्रवार को भिनगा कोतवाली क्षेत्र के भंगहा बाजार निवासी बहोरी की पुत्री से था।
विवाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद शनिवार सुबह नान्हू अपने बड़े भाई छोटू व भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पयारघाट निवासी रामशबद पुत्र रामसुंदर के साथ बाइक से भंगहा बाजार घूमने आया था। जैसे ही तीनों युवक भंगहा चौराहा पहुंचे तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
इसमें रामशबद की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि छोटू व नान्हू गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची भंगहा चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल छोटू व नान्हू को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया।