नवाबगंज (बहराइच)। क्षेत्र के ग्राम बेलभरिया में महिला की हत्या कर उसका शव एक खाली पड़े मकान में चुनवा दिया गया। शुक्रवार को मकान से तेज सड़ांध उठने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजे पर चुनी दीवार तोड़ी महिला का शव बरामद हुआ।
हाथ-पैर रस्सियों से बंधे थे। मौके पर पहुंचे घर वालों ने बताया कि महिला चार दिन पहले संदिग्ध हालात में लापता हुई थी। महिला का शव उसके घर से 500 मीटर दूर ही मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलभरिया फार्म निवासी गिन्नी देवी (19) पत्नी दिनेश कुमार सोमवार दोपहर सूखी लकड़ी बीनने निकली थी लेकिन फिर घर नहीं लौटी। परिवार के लोगों ने खोजबीन की लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। ससुर जगदीश ने थाने पर बहू के गुमशुदगी की सूचना दीपावली के दिन दी थी।
शुक्रवार दोपहर गांव में डंडेबाज महाउत के बंद पड़े घर के अंदर से तेज सड़ांध आसपास के लोगों ने महसूस की। सूचना पर थानाध्यक्ष पीके सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जिस घर से सड़ांध आ रही थी, उसका दरवाजा बाहर से ईंटों से चुना हुआ था। थानाध्यक्ष ने दीवार तोड़वाकर अंदर प्रवेश किया तो गिन्नी देवी का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला।
हाथ पैर रस्सियों से बंधे हुए थे। लग रहा था कि धारदार हथियार से हत्या की गई है। पंचनामा के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कुछ लोग रेप के बाद हत्या की आशंका जता रहे हैं। थानाध्यक्ष का कहना है कि महिला की हत्या करने के बाद मकान के मुख्य दरवाजे पर ईंट से चुनायी करवायी गई है।
उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जैसी रिपोर्ट मिलेगी उसी के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। एसओ ने बताया कि मृतका के ससुर समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है, शीघ्र ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।
तीन माह पूर्व ही हुई थी शादी
गिन्नी का मायका ससुराल से दो किलोमीटर की दूरी पर नदईडीह गांव में है। तीन माह पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। परिवार हंसी खुशी चल रहा था। ऐसे में हत्या क्यों की गई हुई और किसने की, ये किसी की समझ में नहीं आ रहा।