बहराइच। अपनी दुकान में रविवार रात सो रहे मुद्धापुर रामगांव निवासी किराना व्यवसायी को कुछ लोगों ने लाठियों से पीटकर मरणासन्न कर दिया।
भोर में परिवारीजनों ने व्यवसायी को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिवार के लोगों ने रंजिश के चलते व्यवसायी की पीटकर हत्या किए जाने की बात कही है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
रामगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत मुद्धापुर गांव निवासी पुस्सू उर्फ जहीर (40) पुत्र अब्दुल समद की किराने की दुकान गांव से तीन किलोमीटर दूर मनिहारन टेपरा में है।
प्रतिदिन की तरह पुस्सू दुकान पर रात में सोया हुआ था। रात एक बजे के आसपास लाठी-डंडों से लैस लोग उसकी दुकान पर आ धमके और उसे पीटकर मरणासन्न कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तब तक हमलावर भाग निकले।
इस दौरान पुस्सू बेहोश हो चुका था। पड़ोसियों ने उसके घर सूचना दी। परिवारीजनों ने भोर में पुस्सू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पिता अब्दुल समद का कहना है कि कुछ लोग उसके बेटे से रंजिश रखते हैं। हो सकता है, उन्हीं लोगों ने हत्या की हो। इस मामले में रामगांव पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।