दुर्गापुरवा रघुनाथपुर गांव निवासी एक विवाहिता को मंगलवार दोपहर उसके पति और ससुर ने दहेज के लिए जिंदा जला दिया। विवाहिता की चीख-पुकार पर दौड़े पड़ोसियों ने आग बुझाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों के मुताबिक 90 फीसदी झुलसने से वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। वारदात को अंजाम देने वाले पिता-पुत्र फरारा हैं।
कोतवाली नानपारा क्षेत्र अंतर्गत लाडली (24) मंगलवार दोपहर अपने कमरे में थी। इसी दौरान पति मनोज कुमार ने दहेज को लेकर पत्नी से झगड़ने लगा। आस पड़ोस के लोगों ने बताया कि मनोज ने पत्नी की पिटाई भी की। इतने में मनोज के पिता शिवकुमार भी आ गए।
दोनों ने लाडली पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा दी। लाडली के चीखने-चिल्लाने पर पड़ोसी व गांव के अन्य लोग दौड़े। इतने में मनोज और शिवकुमार भाग निकले। ग्रामीणों ने आग बुझाकर लाडली को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
सीएचसी के चिकित्सकों के मुताबिक लाडली 90 फीसदी झुलस गई है। ग्राम प्रधान ओंकार जायसवाल ने बताया कि लाडली के मायके शिवपुर बाजार को सूचना भेजी गई है।
रोजगार सेवक के पद पर तैनात मनोज
पत्नी पर केरोसिन छिड़क कर जिंदा जलाने वाला मनेाज रोजगार सेवक के पद पर तैनात है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पत्नी को आग के हवाले करने के बाद भाग रहे मनोज ने अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए लाडली के बचाव के लिए दौड़े लोगों को धमकाया भी।