रामगांव क्षेत्र में जमीन की रंजिश को लेकर गुरूवार देर शाम एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवक को बाजार से लौटने के दौरान गोली मार दी। इस घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
रामगांव क्षेत्र में ग्राम आड़ीपर चौखड़िया निवासी मिंटू प्रसाद लोधी (28) व गांव के गुलजारी के बीच जमीन का विवाद है। यह मामला न्यायालय में है। गुरुवार देर शाम मिंटू मेटुकहा चौराहे से सामान खरीदकर साइकिल से लौट रहा था।
गांव से पांच सौ मीटर पहले मौजूद गुलजारी व एक अन्य ने मिंटू को गोली मार दी। गोली मिंटू की पीठ में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा। उसके शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणोें ने मिंटू को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। मिंटू का कहना है कि उसने गुलजारी को पहचाना है। अंधेरे होने के चलते दूसरे हमलावर को पहचान नहीं पाया। उसने गुलजारी को नामजद करते हुए घटना की तहरीर रामगांव थाने में दी है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने उनकी तलाश कर रही है।