बहराइच। तिकोनीबाग चौकी से चंद कदम की दूरी पर मंगलवार रात बाइक सवार दो युवकों ने तमंचे के बल पर कार सवार दुल्हन व उसके साथ बैठी चार अन्य महिलाओं से लाखों के जेवरात लूट लिए।
दुल्हन के पिता और गाड़ी चालक को भी पीटा। चौथियात की रस्म अदायगी के बाद परिवारीजन बेटी को शहर स्थित ससुराल से विदा कराकर गांव लौट रहे थे। वारदात के बाद पीड़ितों ने हंगामा शुरू कर दिया।
नगर क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंचकर उन्हें आश्वासन दिया और पीड़ितों से बयान लेकर उसका चिकित्सकीय परीक्षण जिला अस्पताल में कराया है। एक पीड़िता ने देहात कोतवाली में तहरीर दी है। सीओ ने पूरी निष्पक्षता से तफ्तीश के आदेश दिए हैं।
बौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदौसीपुरवा गांव निवासी ताहिर खां मंगलवार को दरगाह थाना क्षेत्र अंतर्गत नुरुद्दीनचक मोहल्ला स्थित बेटी आसमां की ससुराल चौथियात लेकर आए थे। उनके साथ पत्नी खतीजा व परिवार की कलीमुन, अनवरी, शहनाज भी थीं।
यहां से देर रात आसमां को विदा कराकर सभी गांव लौट रहे थे। देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बहराइच-लखनऊ मार्ग पर बंजारीमोड़ के पास बाइक सवार दो युवकों ने कार को ओवरटेक किया और आगे बाइक अड़ा दी। यहां चार युवक घात लगाए बैठे थे।
कार के रुकते ही सभी हमलावर हो गए और महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद एक युवक ने आसमां पर कट्टा लगा दिया और उसके गले से मंगलसूत्र छीन लिया।
लुटेरों ने खतीजा, अनवरी, कलीमुन व शहनाज के साथ भी लूटपाट की और पिटाई कर जख्मी किया। ताहिर खां और कार चालक आलम को भी जमकर पीटा और फिर भाग निकले।
खतीजा ने इस बाबत देहात कोतवाली में तहरीर दी है। नगर क्षेत्राधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने भी पीड़ित महिलाओं से बयान लिया है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकोलीगल कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।