बहराइच/चित्तौरा। उन्नैसा गांव निवासी एक ग्रामीण के घर सोमवार रात गैस सिलेंडर में लीकेज से आग लग गई। लपटों की चपेट में आकर वृद्ध दंपती समेत परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से तीन महिलाओं को डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है। हादसे में 50 हजार की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत उन्नैसा गांव निवासी हरिश्चंद्र वर्मा (65) के घर सोमवार शाम सिलेंडर गैस लीकेज हो रही थी लेकिन परिवार के किसी सदस्य ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। धीरे-धीरे गैस पूरे घर भर में फैल गई।
रात में महिलाएं खाना बनाने का इंतजाम करने लगीं। जैसे ही बहू ने चूल्हे को माचिस लगाई, पूरे घर में आग फैल गई। चीख-पुकार मच गई। लपटों से घिरकर हरिश्चंद्र वर्मा, उनकी पत्नी प्रेमा (60), बहू डॉली सिंह (27) झुलस गईं।
चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग दौड़े। पड़ोस की शांति देवी (78) और मुनीजर (50) जैसे ही हरिश्चंद्र के घर में घुसे वे भी लपटों से घिर गए।
ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया और तत्काल सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्रेमा, डॉली व शांति देवी की गंभीर हालत देखकर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है।