विषाक्त भोजन से सोमवार को हुई पिता-पुत्री की मौत प्रकरण अनाज देने वाले कोटेदार को पुलिस ने अपमिश्रण के केस में गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने कोटे के अनाज में मिलावट के मामले में कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र लिखा है। उधर एसडीएम ने गांव पहुंचकर छानबीन की। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भी कोटेदार के गोदाम से अनाज का नमूना लेकर परीक्षण के लिए भेजा है।
मोतीपुर क्षेत्र में परवानी गौढ़ी निवासी बदलूराम, उनकी पत्नी रामदुलारी व बेटी ननकई की कोटे से लाए गए गेहूं के आटे की रोटी खाने के बाद सोमवार को तबियत बिगड़ गई। पिता-पुत्री ने गांव के निकट जंगल में दम तोड़ दिया। महिला को गंभीर हालत में देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल में भर्ती रामदुलारी के बयान के आधार पर मोतीपुर पुलिस ने गांव के कोटेदार फूलचंद्र को रात में ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ अपमिश्रण का केस दर्ज किया है। उधर एसपी सालिकराम वर्मा ने कोटे के अनाज में मिलावट के मामले में डीएम अभय को पत्र लिखकर जांच करवाने की बात कही है।
डीएम के आदेश पर मंगलवार सुबह एसडीएम मोतीपुर कुंवर विनय मौर्या ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। उधर खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपमिश्रण की जांच शुरू की है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद स्वरूप ने कोटे के अनाज का नमूना परीक्षण के लिए लखनऊ भेजा है।
जिला अस्पताल में भर्ती रामदुलारी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। उधर विषाक्त खाने से दम तोड़ने वाले पिता-पुत्री का पोस्टमार्टम करने के बाद डॉक्टरों ने उनका बिसरा सुरक्षित कर लिया है। उसे परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।