श्रावस्ती जिले के भंगहा बाजार से अगवा एक युवक का क्षत-विक्षत शव रविवार देर रात को चित्तौरा कोतवाली देहात क्षेत्र में मिला। धड़ को कुत्ते नोंच रहे थे। कुछ दूरी पर उसका सिर मिला। चार किलोमीटर दूर उसके हाथ-पैर मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जबकि दरगाह थाने की पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सप्ताह भर पूर्व युवक को एक व्यक्ति बुलाकर ससुराल ले गया था। उसके बाद से वह लापता था। कोतवाली देहात अंतर्गत रसूलपुर नहर के पास रविवार रात को कुछ राहगीर गुजर रहे थे। तभी उन्हें तेज बदबू का एहसास हुआ। एक जगह कुत्तों का झुंड इकट्ठा था।
पहले तो सभी ने समझा कि कुत्ते किसी मवेशी को नोंच रहे होंगे। लेकिन टार्च जलाने पर शव पड़ा देख सभी सकते में आ गए। ग्रामीणों ने रात में ही कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा ने मौके पर पहुंचकर क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लिया।
शरीर के अन्य हिस्सों की खोज शुरू हुई तो चार किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक के पास पैर, हाथ व अन्य अवशेष बरामद हुए। युवक की पहचान श्रावस्ती जिले के कोतवाली भिनगा अंतर्गत भंगहा बाजार निवासी छोटेलाल साहू (30) के रूप में हुई।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि श्रावस्ती पुलिस से संपर्क साधा गया है। पता चला है कि सप्ताह भर पूर्व युवक को कोई व्यक्ति घर से बुलाकर ले गया था। उसके बाद से उसका पता नहीं चल रहा था। मामला रंजिश का लग रहा है। ऐसे में जांच के बाद कुछ कह पाना संभव होगा।
सप्ताह भर पूर्व घर से लापता हुए छोटेलाल की रंजिश उसके ससुराल से चल रही थी। दो वर्ष पूर्व छोटेलाल का विवाह दरगाह थाना अंतर्गत बख्शीपुरा नई बस्ती मोहल्ला निवासी संगीता के साथ हुआ था। लेकिन उसके बाद पारिवारिक मामलों को लेकर ससुरालीजनों से छोटेलाल का विवाद हो गया था। पत्नी से तलाक तक की नौबत आ गई थी।
इस समय संगीता मायके में रह रही थी। उसने ही मेराज के माध्यम से सप्ताह भर पूर्व छोटेलाल को बुलवाया था। इसके बाद छोटेलाल रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था। घटना क्षेत्र दरगाह होने के कारण दरगाह पुलिस भी मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।