महसी/हरदी। बौंडी और हरदी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात दो स्थानों पर हुए अग्निकांड में होटल और दो दुकानें आग की भेंट चढ़ गईं। तीन लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। राजस्वकर्मियों ने मौके का मुआयना किया है।
बौंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत अमवा चौराहे पर तेतारपुर गांव निवासी निरंकार की होटल और नीलकार शुक्ला की किराना दुकान अगल-बगल है।
प्रतिदिन की तरह मंगलवार रात नौ बजे के आसपास दोनों व्यवसायी अपने प्रतिष्ठान बंद कर घर चले गए। रात में अज्ञात कारणों से आग लग गई।
सूचना मिलने पर जब तक दोनों व्यवसायी मौके पर पहुंचते, दुकानें राख हो चुकी थीं। यहां एक लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
उधर, हरदी थाना क्षेत्र अंतर्गत कपूरपुर गांव निवासी अब्दुल कुद्दूस की मोबाइल व इलेक्ट्रिक शॉप है। कुद्दूस रात में 10 बजे के आसपास प्रतिष्ठान बंद कर 500 मीटर की दूरी पर स्थित घर चले गए थे।
रात में शॉर्ट सर्किट से लगी आग से दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया है। सुबह लोगों ने दुकान से धुआं उठता देखकर कुद्दूस को सूचना दी।
दोनों मामलों को तहसील को सूचना दी गई है। क्षेत्रीय राजस्वकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है लेकिन पीड़ितों को सहायता नहीं मिली है।