कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी को नित्यक्रिया के लिए जाते समय तीन युवकों ने दबोच कर असलहे से डराकर उससे रेप किया। पुलिस ने तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर लिया है। रात में ही छापेमारी कर तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव की निवासी 16 वर्षीय लड़की शुक्रवार की रात गांव के बाहर नित्यक्रिया के लिए निकली थी। जब वह गांव के बाहर पहुंची, तभी पड़ोसी गांव के रहने वाले सुएब खां, अकील खां और मुजीब खां ने उसे कट्टे की दम पर दबोच लिया और खेत में ले जाकर तीनों युवकों ने उससे दुराचार किया।
शोर मचाने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। रेप के बाद वे किशोरी को बदहवास हालत में छोड़ कर भाग गए। किसी तरह किशोरी देर रात घर पहुंची और आपबीती बताई। इससे परिवारीजन भौचक रह गए।
रात में ही परिवारीजन उसे थाने लेकर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक आरपी यादव ने बताया कि रात में ही केस दर्ज कर तीनों युवकों को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया है। किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है।