जरवलरोड (बहराइच)। जरवलरोड तिराहे के पास अंग्रेजी शराब की दुकान पर सोमवार तड़के बदमाश आ धमके। बदमाशों ने ताबड़तोड़ कई हथगोले फेंके और कट्टे से फायरिंग की।
मुनीम को भी मारापीटा, फिर दुकान में रखी नकदी और शराब की बोतलें समेटकर भाग निकले। इस मामले में थाने पर तहरीर दी गई है।
जरवलरोड तिराहे के पास अंग्रेजी शराब की दुकान में चार मुनीम तैनात हैं। बंभौरी बिजवापुर निवासी मुनीम दिनेश कुमार यादव पुत्र शारदा प्रसाद ने बताया कि तड़के 3:30 बजे के आसपास गेट का ताला तोड़कर बदमाश अंदर घुसे और बरामदे में सो रहे मुनीम महेश पुत्र सुरेश को मारने पीटने लगे।
चीख पुकार सुनकर दिनेश, श्यामकिशोर और मुकेश बाहर आए तो बदमाशों ने उन पर हथगोला फेंका। संयोग से हथगोला दीवार पर लगकर फट गया। इसी बीच एक बदमाश को मुनीमों ने पकड़ लिया तो दूसरे बदमाश ने कट्टा तान दिया। इस पर सभी कमरे के अंदर भगे।
इतने में बदमाशों ने कट्टे से दो चक्र फायरिंग की और दुकान में घुसकर कैश काउंटर में रखे तीन हजार रुपये और शराब की बोतलें लूट लीं। मुनीमों के कपड़े से भरे बैग भी बदमाश साथ ले गए।
भागते समय एक बदमाश का कट्टा दुकान में गिर गया। तत्काल थाने पर सूचना दी गई लेकिन पुलिस ने अब तक केस दर्ज नहीं किया है। जख्मी महेश को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।