पुलिस लाइन के सभागार में गुरुवार को 100 नंबर के महत्व और कॉल आने पर उपलब्ध कराए जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था तथा पुलिस कर्मियों की सजगता का थानेदारों को पाठ पढ़ाया गया। सुरक्षा के अन्य पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी सालिकराम वर्मा की अगुवाई में डॉयल 100 प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। एसपी ने कहा कि आए दिन फोन रिसीव न होने, समय से कॉलर को सुरक्षा न मिलने आदि मामले सामने आते रहते हैं। कभी-कभी तकनीकी खराबी व कुछ मौकों पर लापरवाही के चलते समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सजग रहकर 100 नंबर की कॉल पर तत्काल सुरक्षा मुहैया कराएं। यह नंबर आकस्मिकता के लिए ही बनाया गया है। कोई व्यक्ति समस्या में होता है तभी 100 नंबर डॉयल करता है। कार्यक्रम में लखनऊ से आए प्रशिक्षकों ने तकनीकी व व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी दी। इस दौरान सभी थानाें के थानाध्यक्ष मौजूद रहे।