गिलौला (श्रावस्ती)। गिलौला थाने से शुक्रवार भोर टहलने निकले एक दरोगा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिनका शव खेत के पास पड़ा मिला।
गोंडा जिले के थाना कोतवाली नगर अंतर्गत ग्राम रानीपुरवा निवासी बेनीमाधव यादव (60) गिलौला थाने में पैरोकार थे जिनकी कुछ माह पूर्व दरोगा के पद पर पदोन्नति हुई थी।
बेनीमाधव यादव जुलाई में सेवानिवृत्त होने वाले थे। शुक्रवार सुबह वह टहलने के लिए थाने से निकले थे। इसके बाद वापस नहीं लौटे।
इसी बीच घूमने निकले स्थानीय निवासियों को बेनी माधव यादव की लाश मार्ग किनारे लगे गन्ने के खेत के निकट पड़ी मिली। इसकी सूचना लोगों ने आकर थाने में दी।
पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। सूचना के बाद मृत दरोगा के परिवारीजन भी मौके पर पहुंच गए।
इस बारे में थानाध्यक्ष गिलौला वकील पांडे बताते हैं कि मृत दरोगा को हार्ट की बीमारी थी जिसका इलाज चल रहा था। संभव है कि दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हुई हो। बेनीमाधव के दो पुत्र विकास व विनय हैं।