नानपारा (ब्यूरो)। खुद को बैंक अधिकारी बताकर एक युवक ने हांड़ा बसेहरी गांव निवासी महिला से फोन पर उसका एटीएम कोड ले लिया। फिर उसके खाते से साढ़े 60 हजार रुपये उड़ा लिए। महिला ने बैंक प्रबंधक से शिकायत कर कोतवाली में तहरीर दी है।
नानपारा के हांड़ा बसेहरी गांव निवासी यास्मीन पत्नी इसरार का कहना है कि 13 नवंबर को एक व्यक्ति ने उसके मोबाइल पर कॉल कर अपने को मुंबई के स्टेट बैंक कार्यालय का अधिकारी बताया। कहा कि उसका एटीएम कार्ड ब्लॉक कर दिया गया है।
महिला का कहना है कि उसने कथित अधिकारी के पूछने पर एटीएम कोड और कार्ड नंबर बता दिया। इसके बाद महिला के खाते से 60 हजार 716 रुपये आठ बार में निकल गए।
सोमवार को महिला जब बैंक पहुंची तो उसने शाखा प्रबंधक से शिकायत की। इसके बाद कोतवाली में संबंधित मोबाइल नंबर का हवाला देते हुए तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक एके सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है।