सुजौली थानाक्षेत्र के कारीकोट में युवक की हत्या के बाद जमा भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
कारीकोट गांव में संपत्ति विवाद के चलते मंगलवार भोर में खेत को गए एक युवक पर पहले से घात लगाए लोगों ने हमलाकर उसे पीटकर मार डाला। इस मामले में मृत युवक के पिता ने पांच भतीजों को नामजद करते हुए केस दर्ज कराया है। सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाद का कारण सात बीघा पुश्तैनी जमीन बतायी जा रही है।
सुजौली थाना अंतर्गत कारीकोट गांव निवासी संजय मौर्या (45) का अपने चचेरे भाई हरदयाल से पुश्तैनी सात बीघा जमीन को लेकर अरसे से रंजिश चल रही है। कचेहरी में मुकदमा भी है। इस समय मुकदमा फैसले की स्थिति में है। इसके चलते हरदयाल आदि अरसे से संजय पर जमीन को छोड़ने और मनमाफिक बयान देने के लिए दबाव बना रहे हैं।
कई बार दोनों पक्षों में इस बात को लेकर कहासुनी हुई लेकिन संजय अपना हक छोड़ने को तैयार नहीं था। इस पर तीन दिन पूर्व विपक्षी चचेरे भाईयों ने उसे जानमाल की धमकी दी थी। पिता बालकराम का कहना है कि सुबह पांच बजे के आसपास संजय भिंडी के खेत की निगरानी कर रहा था।
तभी विपक्षी हरदयाल, विष्णु, श्रीकिशुन, अशर्फी और सत्यप्रकाश ने हमला कर उसे पीटकर मार डाला। काफी देर तक संजय के घर न पहुंचने पर जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो वह मृत हालत में मिला। मुंह से खून बह रहा था। गले व शरीर पर गहरे जख्म था।
आसपास के लोगों ने संजय के विपक्षियों के भागने की पुष्टि की। संजय की मौत से घर में कोहराम मच गया। सूचना पाकर सुजौली थानाध्यक्ष परवेज अशरफ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक संजय के पिता बालकराम की तहरीर पर सभी पांच आरोपियों को नामजद करते हुए हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।