श्रावस्ती (ब्यूरो)। जुलूस-ए-मोहम्मदी के लिए नया रास्ता चुनने को लेकर बृहस्पतिवार को चहलवा गांव में दो पक्षों में हिंसा भड़क गई। इसमें कई लोग घायल हो गए।
हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। डीएम-एसपी गांव में ही कैंप कर रहे हैं। गांव में भारी संख्या में पुलिस और पीएसी तैनात की गई है। घटना के असर से भिनगा में शाम को दुकाने बंद रहीं।
बताया जा रहा है कि गांव का जुलूस को नए रास्ते पर लेकर जैसे ही कुछ लोग आगे बढ़े, दूसरे पक्ष के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। जवाब में दूसरे पक्ष ने भी जमकर पथराव किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों को तितर बितर करने के लिए लाठियां भांजनी शुरू कर दीं। पथराव में डीएम के अर्दली अमरिका प्रसाद, जिला सूचना अधिकारी व कई सिपाही घायल हो गए।
इस दौरान कई ग्रामीण भी घायल हो गए। एसपी जीएन त्रिपाठी ने बताया कि कानून व्यवस्था न मानने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया है। मामला पूरी तरह काबू में है।