बहराइच। राष्ट्रीय राजमार्ग 28 सी की जांच के दौरान रविवार को बहराइच सांसद और ठेकेदार कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर के बीच हुआ विवाद बढ़ गया है। रविवार को प्रोजेक्ट मैनेजर के खिलाफ सांसद ने केस दर्ज कराया था।
सोमवार को प्रोजेेक्ट मैनेजर ने सांसद और उनके सहयोगियों पर कमीशन मांगने, जान से मारने की धमकी का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। एसपी ने मामले की सीओ सिटी को सौंपी है लेकिन सीओ ने जांच से इन्कार कर दिया है।
एनएच 28सी के बहराइच से बाराबंकी के बीच निर्माण के घटिया होने की शिकायत सांसद सावित्रीबाई फुले ने बीते दिनों केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से की थी।
रविवार को इसकी जांच के दौरान सांसद सावित्रीबाई फुले ने कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर भागवत प्रसाद मिश्र पर अपशब्दों का प्रयोग कर अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इस मामले में देर रात कोतवाली देहात में केस दर्ज हुआ।
उधर, कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर भागवत प्रसाद मिश्र ने सोमवार सुबह एसपी को दिए पत्र में कहा कि सांसद सावित्रीबाई फुले ने चार सितंबर को उन्हें बुलाकर कहा कि सड़क का निर्माण घटिया है और हमें हमारा कमीशन चाहिए, नहीं तो सड़क उखड़वा देंगे।
रविवार को वह अपनी टीम के साथ जांच कराने के लिए पहुंचे तो सांसद टिकोरामोड़ पर बीच सड़क में खोदवाने की बात कहने लगीं। सांसद के सहयोगी हरिश्चंद्र गुप्ता ने कहा कि कनौजिया चाचा से बात करके मैनेज कर लो नहीं तो परेशान हो जाओगे।
प्रोजेक्ट मैनेजर का कहना है कि हाईवे होने के चलते आवागमन बाधित होने की आशंका जताते हुए सड़क किनारे खोदाई करवाने की बात कही तो सांसद भड़क उठीं। लगभग 200 लोगों को इकट्ठा कर लिया। आरोप है कि सांसद ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मानहानि का मुकदमा दायर करूंगी
प्रोजेक्ट मैनेजर को न तो मैंने बुलाया न ही कमीशन की मांग की। मैं जनता की सेवा कर रही हूं। जिले के लोग जानते हैं, आज तक कमीशन की बात तक नहीं की। विपक्षियों के इशारे पर मुझे बदनाम करने के लिए प्रोजेक्ट मैनेजर ने अपनी तहरीर में मनगढंत आरोप लगाए हैं। मैं चुप नहीं बैठूंगी। न्यायालय का दरवाजा खटखटाकर मानहानि का मुकदमा दायर करूंगी।
- सावित्रीबाईफुले, बहराइच सांसद
मैं नहीं करूंगा सांसद के मामले की जांच
सांसद ने मेरे ऊपर ही अभद्रता का आरोप लगा दिया जबकि मैंने शिष्टतापूर्ण बातचीत की। फिर भी मैंने सांसद के सम्मानित होने के चलते क्षमा मांग ली। जब सांसद को मुझ पर विश्वास नहीं है तो उनसे संबंधित मामलों की जांच पर कैसे खरा उतरूंगा। पुलिस अधीक्षक से रिक्वेस्ट कर ली है। प्रोजेक्ट मैनेजर के तहरीर की जांच नहीं करूंगा।
- अनूप कुमार, सीओ सिटी
देर रात तक कोतवाली में धरने पर बैठी रहीं सांसद
सांसद सावित्रीबाईफुले ने प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा अभद्रता करने की तहरीर रविवार शाम मौके पर ही सीओ सिटी अनूप कुमार को मुहैया कराई लेकिन रात 10 बजे तक केस दर्ज नहीं हुआ।
सांसद का कहना है कि उन्होंने इस मामले में सीओ सिटी से फोन पर बात की सीओ ने अभद्रता करते हुए केस न दर्ज करवाने की बात कही। इससे नाराज सांसद अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ रात में ही कोतवाली देहात पहुंच गईं और धरना शुरू कर दिया।
रात 11:30 बजे के आसपास प्रोजेक्ट मैनेजर के खिलाफ सांसद के साथ अभद्रता करने और धमकी देने का केस दर्ज हुआ। इसके बावजूद सांसद सीओ सिटी को मौके पर बुलवाकर माफी मांगने की बात पर अड़ी रहीं। रात एक बजे के आसपास सीओ व अन्य पुलिस अधिकारियों ने कोतवाली पहुंचकर मान मनौव्वल की तब सांसद ने धरना खत्म किया।