नानपारा स्थित एक कोल्ड स्टोरेज के प्रबंधक को बदमाशों ने दिनदहाड़े हमला कर लूट लिया। वे बैंक से करीब एक लाख रुपये निकालकर बिजली का बिल जमा करने बहराइच जा रहे थे। नानपारा-बहराइच मार्ग पर बदमाशों ने तमंचे की नोंक पर उन्हें लूट लिया। विरोध पर तमंचे की बट से हमला कर लहूलुहान कर दिया। इस मामले में एएसपी की अगुवाई में पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है। बदमाशों का पता नहीं चल सका है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत मोहल्ला बेलदारन टोला निवासी अतीक (25) नानपारा में सादिक हुसैन के कोल्ड स्टोर पर प्रबंधक के पद पर तैनात है। अतीक ने बताया कि सुबह स्टोर के मालिक ने एक लाख 14 हजार का चेक दिया था। इस चेक को वह इलाहाबाद बैंक नानपारा शाखा ले गया। यहां पर नकदी भुगतान लेने के बाद वह कोल्ड स्टोर का बिल जमा करने बहराइच के लिए निकल पड़ा।
अतीक के साथ उसका सहयोगी मोहल्ला किला निवासी मोइनुद्दीन भी था। बाइक सवार दोनों युवक जब रामगांव थाना अंतर्गत चौपाल सागर के निकट पहुंचे, तभी पीछा कर रहे बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने ओवरटेक कर तमंचे के बल पर बाइक रुकवा ली। बाइक के रुकते ही एक बदमाश ने अतीक से नकदी छीनने का प्रयास किया। अतीक के विरोध पर उसने तमंचे के बट से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया।
अतीक के जमीन पर गिरते ही बदमाश नकदी लूटकर चंपत हो गए। तत्काल अतीक ने घटना की सूचना कोल्ड स्टोर मालिक को दी। इसके बाद मरहम पट्टी कराकर वह नानपारा पहुंचा। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक जेपी पांडेय, रामगांव और नानपारा कोतवाली की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची है। एएसपी ने बैंक पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।