बाबागंज/चरदा। इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक जमोग चरदा में सोमवार रात चोरी का प्रयास हुआ। खिड़की और दरवाजा तोड़कर घुसे चोरों ने पूरा बैंक खंगाला, लॉकर काटने का भी प्रयास किया लेकिन सफल न होने पर अभिलेख तितर-बितर कर भाग निकले।
मंगलवार सुबह पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दो सिपाहियाें की ड्यूटी लगाई है।
बैंक प्रबंधक प्रमोद कुमार प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी शाम पांच बजे बैंक बंद करवाकर घर चले गए थे। इसी रात बैंक के पीछे की खिड़की की ग्रिल और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने बैंक प्रबंधक, कैशियर तथा लिपिक के काउंटरों को खंगाला।
कैश लॉकर को काटने की कोशिश की लेकिन चोर सफल नहीं हो सके। सुबह बैंक प्रबंधक जब स्टाफ के साथ बैंक पहुंचे तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
थानाध्यक्ष छोटक यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे बैंक का मुआयना किया। प्रबंधक ने भी जांच की तो सब कुछ सुरक्षित मिला। थानाध्यक्ष ने कहा कि बैंक की सुरक्षा के लिए दो अतिरिक्त सिपाहियों की परिक्षेत्र में ड्यूटी लगाई गई है।