शहर के विकासभवन शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक को शुक्रवार की आधी रात में लखनऊ से आई सीबीआई की एंटीकरप्शन टीम ने उनके घर से दबोच लिया। प्रबंधक पर एक ऋण की फाइल पास करने में घूस मांगने का आरोप है। उनके घर से घूस का साढ़े सात हजार रुपया भी बरामद हुआ है। प्रबंधक को सीबीआई टीम गिरफ्तार कर लखनऊ ले गई।
उड़ीसा निवासी मनोरंजन कार्तिक इलाहाबाद बैंक के विकास भवन में स्थित बैंक शाखा में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर तैनात हैं। शहर निवासी सफाईकर्मी नरेश ने साढ़े तीन लाख रुपये लोन लेने के लिए आवेदन किया था। इस ऋण को पास करने के एवज में बैंक प्रबंधक ने 20 प्रतिशत घूस (70 हजार रुपये) की डिमांड की थी। लेकिन नरेश ने 20 फीसदी रकम घूस में दे पाने में असमर्थता जताई।
ऐसे में सौदा 15 हजार पर तय हो गया। लेकिन नरेश 15 हजार घूस देने में असमर्थ था। इसके चलते उसने सीबीआई की एंटी करप्शन शाखा में मामले की शिकायत की। शाखा प्रबंधक से हुई बातचीत का आडियो और वीडियो भी भेजा।
सीबीआई एंटी करप्शन शाखा के अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को इंस्पेक्टर जहीर की अगुवाई में एक टीम बहराइच भेजी। टीम के सदस्यों ने पुन: नरेश से शाखा प्रबंधक से अपने सामने वार्ता करवाई। इसके बाद टीम ने विशेष पाउडर लगाकर नरेश को साढ़े नौ हजार रुपये दिए। नरेश शुक्रवार शाम को घूस का रुपया लेकर फाइल बनवाने पत्नी के साथ विकास भवन बैंक पहुंचा। यहां पर फाइल तैयार हुई।
नरेश ने शेष पैसा भी दो दिन में देने की बात कही। इस दौरान टीम बैंक के आसपास मौजूद रही। नरेश की फाइल पास करने के बाद प्रबंधक देर शाम को बैंक से निकल गए। उनकी निरंतर निगरानी होती रही। शुक्रवार रात 12 बजे के आसपास सीबीआई एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर जहीर की अगुवाई में शाखा प्रबंधक के पुलिस लाइन के निकट स्थित आवास पर घेराबंदी कर उन्हें घर से दबोच लिया गया।
नरेश द्वारा घूस में दिया गया साढ़े सात हजार रुपया शाखा प्रबंधक के घर से बरामद हुआ। पता चला कि दो हजार रुपये का शाखा प्रबंधक ने पेट्रोल भरवा लिया। रात में ही शाखा प्रबंधक को इलाहाबाद बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय ले जाया गया। वहां पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश गौड़ की मौजूदगी में लिखापढ़ी के बाद पकड़े गए मैनेजर मनोरंजन को सीबीआई की टीम भोर में लखनऊ लेकर चली गई।
सीबीआई एंटी करप्शन शाखा की ओर से घूस लेने के रुपयों के साथ शाखा प्रबंधक मनोरंजन कार्तिक के पकड़े जाने के बाद रात एक बजे के आसपास इलाहाबाद क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों को बुलवाकर ऑफिस खुलवाया गया। इंस्पेक्टर जहीर की मौजूदगी में क्षेत्रीय प्रबंधक को उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराकर शाखा प्रबंधक मनोरंजन को सस्पेंड किया। उनका प्रभार शाखा प्रबंधक कार्तिकेय अग्रवाल को सौंपा गया।
शाखा प्रबंधक मनोरंजन कार्तिक द्वारा घूस लेते रंगे हाथों पकड़ने की फिराक में सीबीआई की टीम थी। लेकिन घूस लेकर लोन की फाइल शाखा प्रबंधक कंप्लीट करते हैं या नहीं, यह भी टीम देखना चाहती थी। इसलिए उन्हें मौके पर नहीं पकड़ा गया। इलाहाबाद बैंक शाखा विकास भवन में काम करने वाले चरपासी मनीष को सीबीआई की टीम ने चार घंटे अपने साथ रखा। इस दौरान मनीष से बात करवाकर टीम शाखा प्रबंधक की रेकी करती रही।