रतनापुर (श्रावस्ती)। दिकौली मोड़ से गुरुवार देर शाम चाय पीकर लौट रहे बाइक सवार को नहर पुल पर तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार नहर में जा गिरा।
घटना के बाद कार चालक मौके से वाहन समेत भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस स्थानीय लोगों के सहयोग से युवक की तलाश करा रही है।
बरेली जिले के थाना देवरिया अंतर्गत कस्बा रिछा निवासी मोहम्मद हलील (35) पुत्र अब्दुल करीम सोनवा थाना क्षेत्र के मोहरनिया स्थित राइस मिल में काम करता है।
गुरुवार रात करीब आठ बजे वह मिल से चाय पीने के लिए दिकौली मोड़ आया था। जहां से देर शाम वह बाइक से लौट रहा था। जैसे ही हलील दिकौली मोड़ के निकट स्थित सरयू नहर पुल पहुंचा तभी बहराइच से भिनगा आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी।
इससे हलील नहर में जा गिरा जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद कार चालक मौके से वाहन समेत भाग निकला।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची सोनवा पुलिस ने बाइक के पास से कार का नंबर प्लेट बरामद किया है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक सोनवा हरी सिंह ने बताया कि मौके पर मिली कार की नंबर प्लेट पर (यूपी 46 सी 9251) अंकित है।
इसके अनुसार यह कार कृषि भवन भिनगा में तैनात मनोज कुमार पुत्र कृष्ण चंद्र की बताई जा रही है। कार को भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिनगी निवासी सौरभ तिवारी चलाता है।
जबकि मौके पर पुलिस स्थानीय लोगों के सहयोग से नहर में युवक की तलाश करा रही है। इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना ने बताया कि वाहन स्वामी मनोज व कार चालक को बुलाया गया जिन्होंने दुर्घटना की बात स्वीकार की।
साथ ही युवक के नहर में गिरने की बात भी बताई। युवक की तलाश जारी है। मामले में हलीम के भाई दाउद अहमद की ओर से सोनवा थाने में तहरीर दी गई है।
ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर किया प्रदर्शन
दिकौली मोड़ स्थित नहर में गुरुवार रात गिरे युवक की तलाश में गोताखोरों के न होने से बाधा पड़ रही है। गोताखोर न होने से स्थानीय लोग गहरे पानी में जाने से कतरा रहे हैं।
ऐसे में घटना की सूचना पर पहुंचे मोहम्मद हलीम के भाई दाउद अहमद के नेतृत्व में मिल मजदूरों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से पुल पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
लोग पुलिस की कार्य प्रणाली व हीलाहवाली से क्षुब्ध थे। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना व प्रभारी निरीक्षक हरी सिंह ने लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया।
प्रदर्शन के चलते भिनगा-बहराइच मार्ग पर आवागमन करीब बीस मिनट तक बाधित रहा।