राजीचौराहा (बहराइच)। हजारा गांव निवासी एक ग्रामीण हरदी के गदामार में आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होने आया था। इसके बाद वह साइकिल से वापस गांव जा रहा था। चहलारीघाट मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ग्रामीण को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणोें ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। एसडीएम व पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
हरदी थाना क्षेत्र के गदामार गांव निवासी शंकर राव की पुत्री के विवाह का रविवार को वैवाहिक समारोह था। इस समारोह में शामिल होने के लिए सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के हजारा गांव निवासी झगटू (45) पुत्र रामहरख भी आए थे। वैवाहिक समारोह में शामिल होने के बाद सोमवार को सुबह नौ बजे झगटू साइकिल से घर जा रहे थे।
जब वे चहलारीघाट मार्ग पर पौवा चक्की के पास पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें रौंद दिया, जिससे मौके पर ही झगटू की मौत हो गई। इससे गुस्साए आसपास के ग्रामीण सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन करने लगे।
इसकी जानकारी मिलने पर एसओ प्रबोध कुमार, उपनिरीक्षक कमल चतुर्वेदी, बौंडी व रामगांव की पुलिस के साथ एसडीएम एसके त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसओ ने बताया कि वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।