जरवलरोड (बहराइच)। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर मदारपुर गांव के निकट एक युवक का शव सोमवार दोपहर बाद झाड़ियों में पड़ा मिला। लाश पर कई जगह चोटों के निशान थे। लग रहा है हत्या कर लाश को फेंका गया है। चौकीदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ-बहराइच मार्ग पर अपराधों का ग्राफ बढ़ रहा है। जरवलरोड थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत धनसरी के मजरा मदारपुर गांव के निकट सड़क के किनारे झाड़ियों में सोमवार दोपहर में कुछ मवेशी चरवाहों ने लाश पड़ी देखी। सूचना गांव के चौकीदार केशव को दी। इस पर गांव के अन्य लोग भी एकत्रित हो गए। युवक के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे। लग रहा था कि उसे हत्या कर फेंका गया है। चौकीदार केशव की सूचना पर पहुंची जरवलरोड पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को एकत्रित कर शव की शिनाख्त करने की कोशिश की। लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इस पर फोटोग्राफी के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चौकीदार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष विद्यासागर वर्मा का कहना है कि युवक के पास से कुछ दवाइयां भी मिली हैं। ऐसे में मामला संदिग्ध लग रहा है। फिर भी केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।