गोंडा से लखनऊ जा रही दो कारें रविवार को एक दूसरे से आगे निकलने के प्रयास में टकरा गईं। इससे दोनों कारें लगभग 20 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में सात लोग घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती कराया गया है। गंभीर हालत में दो युवकों को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
लखनऊ-बहराइच मार्ग पर घाघराघाट पुल के पास रविवार दोपहर एक बजे के करीब गोंडा से लखनऊ की तरफ जा रही तीन कारें एक-दूसरे को ओवर टेक करने लगीं। मुख्य मार्ग के किनारे एक ट्रक खड़ा था।
तेज रफ्तार एक कार ने किनारे खडे़ ट्रक को ओवरटेक किया तभी अचानक पीछे से आ रहीं दो अन्य कारें असंतुलित होकर एक दूसरे से टकरा गईं और गहरे गड्ढे में चली गयीं। दुर्घटना में कार सवार गोंडा के थाना खरगूपुर अंतर्गत ग्राम दुधरावा निवासी मुकेश कुमार मिश्रा (28), उमेश मिश्रा (29), चंदन मिश्रा (29), रामकुमार (27), अनीता मिश्रा (26), संगीता (26), दो वर्षीय बालक शौर्य घायल हो गया।
घायलों को आसपास के लोगों की मदद से सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती कराया गया। यहां से चिकित्सकों ने मुकेश व चंदन की हालत गंभीर होने पर उनको जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है।