बहराइच। कैसरगंज संसदीय क्षेत्र में शुक्रवार शाम को जनसंपर्क के दौरान भाजपा और गठबंधन प्रत्याशी आमने-सामने आ गए। तीखी नोंकझोंक शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को जमकर अपशब्द कहे। मारपीट की नौबत बन गई। जैसे-तैसे मामला रफादफा हुआ। आधे घंटे तक अफरातफरी की स्थिति रही।
कैसरगंज संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद बृजभूूषणशरण सिंह प्रत्याशी हैं। वहीं, सपा-बसपा गठबंधन की ओर से बसपा ने चंद्रदेव यादव को मैदान में उतारा है। शुक्रवार को बसपा की ओर से कैसरगंज के मंझारा तौकली में जनसभा का आयोजन था। लेकिन जनसभा स्थल के निकट सांसद बृजभूषणशरण सिंह अपने समर्थकों के साथ पहले ही पहुंच गए।
जनसभा के समय जब बसपा प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जा रहे थे, तभी बृजभूषण का काफिला आगे देखकर बसपा प्रत्याशी और उनके समर्थक पहले ही रुक गए। इसी दौरान भाजपा प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मौके पर आ पहुंचे। उन्होंने पूर्व में बसपा प्रत्याशी की ओर से कहे गए अपशब्दों का उलाहना देना शुरू कर दिया।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई। पुन: अपशब्दों का प्रयोग हुआ। जैसे-तैसे स्थानीय लोगों ने बीच बराव कराया। प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि मंझारा तौकली में बसपा प्रत्याशी के जनसभा की अनुमति थी। विवाद की सूचना नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।