अवैध बूचड़खानों पर छापा, कोतवाली का घेराव, 14 हिरासत में
बहराइच। शहर के मध्य मोहल्ला चांदपुरा में अवैध तरीके से चल रहे बूचड़खानों पर गुरुवार भोर में पुलिस और पीएसी ने छापेमारी की। 10 अवैध बूचड़खाने संचालित होते मिले।
यहां से जिंदा मवेशी, भारी मात्रा में चर्बी, मांस पुलिस के हाथ लगा। मौके से 13 लोगों को पुलिस ने पकड़ा। इन सभी व्यवसायियों की पैरवी करने पहुंचे एक कांग्रेस नेता को भी हिरासत में ले लिया। भारी संख्या में लोग कोतवाली का घेराव करने लगे।
इस पर पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। फिलहाल दोपहर बाद कांग्रेस नेता को छोड़ दिया गया। मौके से बरामद मवेशियों को नगर पालिका ने कब्जे में ले लिया है। इस मामले में कोतवाली नगर पुलिस की ओर से अवैध बूचड़खाना संचालन का केस दर्ज किया गया है।
मोहल्ला चांदपुरा में अरसे से मवेशियों का वध कर उनका मांस बेचने का कार्य हो रहा था। कई बार इस मामले में लोगों ने आवाज भी उठाई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। चुनाव के साथ ही यह धंधा इस समय परवान चढ़ रहा था।
इसकी सूचना पर पुलिस अधीक्षक जुगुल किशोर ने कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी के निर्देशन में गुरुवार भोर में चार बजे कोतवाली नगर, दरगाह, कोतवाली देहात थाने की पुलिस टीम, पीएससी व स्पेशल पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
बूचड़खाने पर भोर में मवेशियों का वध किया जा रहा था। 10 बूचड़खानों का लाइसेंस नहीं मिला। जबकि यहां भैंस व अन्य मवेशियों का वध होता पाया गया। इस पर बरामद मांस व जिंदा मवेशियों को कब्जे में लेकर इन सभी बूचड़खानों में पुलिस ने ताला लगा दिया है।
मौके से 79 मवेशी, 55 टीन चर्बी, भारी संख्या में मवेशियों के वध में प्रयुक्त होने वाले धारदार औजार बरामद हुए, उन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार लोगों की पैरवी करने के लिए एक कांग्रेसी नेता मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने उन्हें लोगों को भड़काने के मामले में हिरासत में ले लिया। इसकी सूचना पाकर काफी संख्या में समर्थक कोतवाली जा पहुंचे। हंगामे के बीच कोतवाली का घेराव शुरू हो गया। पुलिस और पीएसी के जवानों ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ तितर-बितर की।