इलेक्ट्रिक स्टोर में शॉर्टसर्किट से लगी आग
बहराइच। नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर स्थित एक इलेक्ट्रिक स्टोर में मंगलवार रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। फायरब्रिगेड टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। अग्निकांड में लगभग एक लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। तहसील प्रशासन को इसकी रिपोर्ट भेजी गई है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर अजहर पुत्र मोहम्मद इस्माइल की इलेक्ट्रिक स्टोर की दुकान है। प्रतिदिन की तरह मंगलवार रात अजहर दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात दुकान में शॉर्टसर्किट से आग लग गई।
आसपास के लोगों ने दुकान से धुआं उठता देख अजहर को फोन कर सूचना दी। मिहींपुरवा की ओर जा रहे अजहर तुरंत वापस दुकान पहुंचे। इस बीच सूचना पाकर फायरब्रिगेड टीम भी वहां पहुंच गई और किसी तरह आग पर काबू पाया। लेखपाल ने अग्निकांड में एक लाख रुपये का नुकसान होने की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेजी है।
वहीं, बौंडी थाना क्षेत्र में हाथी चक गांव के पास गेहूं के खेत में बुधवार दोपहर शॉर्टसर्किट से आग लग गई। इससे दो बीघा गेंहूं की फसल जलकर राख हो गई। गांव निवासी रामनरायन मौर्या पुत्र राधेश्याम मौर्य के खेत में लगे विद्युत पोल में दोपहर दो बजे शॉर्टसर्किट हो रहा था।
तभी अचानक चिन्गारी गिरने से गेहूं के खेत में आग लग गई। देखते ही देखते पूरी फसल जलकर राख हो गई। क्षेत्रीय लेखपाल आनंद सिंह ने क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट महसी तहसील भेज दी है।