रुपईडीहा (बहराइच)। चांदी की खेप लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहा एक युवक नोमेंस लैंड में एसएसबी को देखकर वापस नेपाल भाग गया। इस दौरान चांदी की खेप मौके पर छूट गई। एसएसबी ने मौके से पांच किलो चांदी बरामद की। चांदी को सीज कर कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है। आरोपी तस्कर की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
भारत-नेपाल सीमा पर इन दिनों तस्करी अचानक बढ़ी है। रुपईडीहा बार्डर आउटपोस्ट के इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि गुरुवार सुबह मनवरिया और मुंशीपुरवा एसएसबी चौकी के जवान संयुक्त गश्त कर रहे थे। इस दौरान नेपाल की ओर से एक व्यक्ति भारत सीमा की ओर आता दिखा। युवक के पगडंडी के रास्ते भारतीय सीमा में प्रवेश करने के चलते गश्ती टीम को शक हुआ तो घेराबंदी की गई। युवक जब सीमा पर नोमेंस लैंड के भारतीय परिक्षेत्र में पहुंचा तो उसको रुकने का इशारा किया गया। इस पर वह अपना सामान मौके पर छोड़कर नेपाल भाग गया। गश्ती टीम ने सामान की तलाशी ली तो झोले से चार किलो 720 ग्राम चांदी बरामद हुई। चांदी को सीज कर कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं तस्कर के पहचान की कोशिश की जा रही है। छापेमारी के दौरान इंस्पेक्टर अवनीश मलिक, एसआई मंजीत, राजेंद्र कुमार, चंदेश, गोपाल सिंह और लाल बहादुर वर्मा आदि मौजूद रहे।