नवाबगंज (बहराइच)। नवाबगंज क्षेत्र से गोवंशों को ट्रक से पश्चिम बंगाल ले जाते समय पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
ट्रक से 23 गोवंश बरामद हुए, जिनमें छह मृत मिले हैं। छह तस्कर भी पकड़े गए हैं। बरामद गोवंशों को ग्रामीणों की सुपुर्दगी में देकर तस्करों को जेल भेज दिया गया है।
नवाबगंज थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार रात बड़े पैमाने पर गोवंशों की खेप नवाबगंज क्षेत्र से तस्करी कर ले जाए जाने की सूचना मिली थी।
इस पर पुलिस टीम के साथ शंकरपुर-बदला मार्ग पर गश्त तेज की गई। रात 11 बजे के आसपास ट्रक (यूपी 12 एल 1695) नानपारा की ओर जाती दिखी। उसे रोक कर तलाशी ली गई तो ट्रक में 23 गोवंश मिले।
उनके कागजात नहीं थे। गोवंशों को रस्सियों से ट्रक के अंदर बांधा गया था। उन्होंने बताया कि ट्रक सवार छह लोगों को भी पकड़ा गया है।
इन सभी ने खुलासा किया है कि उन्होंने कल्पीपारा बाजार से गोवंश खरीदें हैं। उसे वध के लिए बरेली होते हुए पश्चिम बंगाल ले जाया जाना था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृत मिले गोवंशों का पशु चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार शुक्ल ने पोस्टमार्टम किया है।
एसओ ने बताया कि तस्करों की पहचान आमिल निवासी शामली, लखीमपुर निवासी नौशाद, हरफूल, श्रावस्ती के मल्हीपुर निवासी शमशेर, रिसिया निवासी ननकऊ, मकसूद के रूप में हुई है। इस मामले में गोवंश वध निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।