मटेरा चौराहे पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसा, इससे बालक समेत चार लोग घायल हो गए। ये सभी पेशी पर कचहरी जा रहे थे। वहीं, बहराइच-गोंडा मार्ग पर बेरिया गांव के पास बाइक सवार को बचाने में टेंपो पलट गया।
इससे 12 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें छह की हालत नाजुक बताई गई है। नानपारा के बघौली गांव निवासी पहलवान (50) की सोमवार को न्यायालय में पेशी थी।
वह बेटे कृष्ण मुरारी (26), दिलीप (11), गुरुवा गांव निवासी रामसेवक (35) और कय्यूम (35) के साथ पिकअप पर सवार होकर कचहरी जा रहा था। सभी मटेरा चौराहे के पास पहुंचे थे कि पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया।
इससे पिकअप में बैठे पहलवान, दिलीप, कृष्ण मुरारी व राम सेवक घायल हो गए। जबकि कय्यूम बाल-बाल बच गया। चौकी इंचार्ज विजय कुमार सिंह ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
कृष्ण मुरारी, पहलवान व रामसेवक की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, चिलवरिया से सवारियां लेकर शहर आ रहा टेंपो बहराइच-गोंडा मार्ग पर देहात कोतवाली अंतर्गत बेरिया गांव के पास बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गया।
इससे हुजूरपुर के गोपिया गांव निवासी माधव (45), कोतवाली देहात क्षेत्र के हरिहरपुर रैकवारी गांव निवासी अनवर अली (45), पयागपुर के अरकापुर गांव निवासी पवन (35) समेत 12 लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल माधव, अनवर, पवन को जिला अस्पताल लाया गया है। इन सभी की हालत नाजुक बताई गई है।