सात दिनों से खराब है एचडीएफसी बैंक का एटीएम
बहराइच। जरवलरोड में स्थित एचडीएफसी बैंक का एटीएम पिछले सात दिनों से खराब है। मंगलवार को कुछ लोग पैसा निकालने गए, लेकिन एटीएम खराब होने से पैसा नहीं निकला। इससे नाराज कुछ लोगों ने एटीएम बूथ का शीशा तोड़ दिया। अन्य लोग पहुंचे तो केबिन का शीशा टूटा देखा। इस पर कर्मचारियों को सूचना दी।
जरवलरोड के सोसाइटी चौराहे पर एचडीएफसी बैंक का एटीएम लगा है। उपभोक्ताओं के मुताबिक लगभग सात दिनों से एटीएम खराब है। जिससे रुपयों की निकासी नहीं हो पा रही है। मंगलवार सुबह कुछ लोग एटीएम से पैसा निकालने गए, लेकिन एटीएम से पैसा नहीं निकला।
इस पर नाराज लोगों ने एटीएम के केबिन का शीशा तोड़ दिया। जिससे केबिन का कांच चारों तरफ बिखर गया। आसपास के लोगों का कहना है कि उपभोक्ता पैसा निकालने आए होंगे, लेकिन निकासी न कर पाने से नाराज होकर एटीएम की केबिन का शीशा तोड़ दिया।
चौराहा निवासी मंगलदेव यादव, विद्याभूषण श्रीवास्तव, जितेंद्र सिंह, प्रिंस तिवारी आदि का कहना है कि सात दिनों से पैसा एटीएम से नहीं निकल रहा है। इस मामले में थानाध्यक्ष नवीन कुमार मिश्रा का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई सूचना या तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।