बहराइच। मेलार्थियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली शुक्रवार देर रात समतलिया गांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार भाई व बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पाकर एसडीएम नानपारा और सीओ मौके पर पहुंचे। आसपास के नागरिकों ने घायलों को निकालकर स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के मलौनापुरवा गांव के लोग कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को राप्ती नदी के तट पर लगने वाले होलिया मेले में शामिल होने गए थे। ग्रामीण गांव निवासी एक व्यक्ति की ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर गए थे। ग्रामीणों ने मेले में खरीदारी की। राप्ती नदी मेें स्नान कर मंदिर में पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की।
देर शाम ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर घर लौट रहे थे। वाहन पर 40 लोग सवार थे। मेलार्थियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब थाना क्षेत्र के समतलिया गांव के निकट पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे से चीख पुकार मच गई। राहगीर व आसपास के लोग दौड़े। लेकिन तब तक ट्रॉली के नीचे दबकर गुड्डू (10) व उसकी छोटी बहन राजरानी (6) की मौत हो गई। अन्य 22 मेलार्थी घायल हो गए।
पुलिस को सूचना देने के बाद ग्रामीणों ने खुद वाहन का इंतजाम कर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया। इनमें घायल मंजू (16), रीना (10), शिवा (9), लवकुश (12), सुमिता (36), नानबाबू (5), आशिया (2) की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एसडीएम सिद्धार्थ यादव व सीओ वीपी सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। मौके पर पहुंच रहे हैं। उधर, सूचना गांव पहुंचने पर मलौनापुरवा गांव के लोग परिवारीजनों के कुशलक्षेम की कामना करते हुए मौके पर की ओर रवाना हो गए।