नानपारा (बहराइच)। बरदहा कला गांव के निकट से गुजरी नहर में एक युवक का शव बुधवार सुबह उतराता हुआ मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शरीर पर मिले चोटों के निशान से हत्या कर नहर में शव फेंके जाने की आशंका जतायी जा रही है।
खैरीघाट थाना अंतर्गत बरदहा कला गांव के निकट से सरयू की नहर शाखा गुजरी है। बुधवार सुबह गांव के लोग खेतों में काम करने के लिए निकले थे। जब ग्रामीण नहर के पास से गुजर रहे थे तो उन्हें युवक का शव उतराता दिखा। इस पर ग्रामीणों ने थाने पर सूचना दी। थानाध्यक्ष राजेश यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को नहर से निकलवार आसपास गांवों के लोगों को एकत्रित किया। लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान मिले। इससे लग रहा था कि हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है। शिनाख्त न होने के चलते फोटोग्राफी के बाद पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।